बलिया (बेल्थरारोड ) । उभाव थाना क्षेत्र के हल्दीरामपुर के धरहरा ग्राम में सोमवार की रात शार्ट सर्किट से लगी आग से दुकान में रखा लगभग पांच हजार नगदी के अलावा हजारों रुपए के सामान जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया।
धरहरा ग्राम में नंदलाल यादव की परचून की दुकान है। रोज की भांति वह रात को दुकान बंद कर घर चला गया। रात को किसी वक्त दूकान में आग लग गई। अभी आसपास के लोग कुछ समझ पाते कि तब तक आग ने विकराल रूप अख्तियार करते हुए पूरे दुकान को आगोश में ले लिया। जिससे उसमें रखा हजारों रुपये का सामान जैसे बिस्कुट, चावल, आटा, मंजन सहित करीब पांच हजार रुपये नकदी जलकर राख हो गए। उधर सूचना पर पहुंचे नंदलाल अपनी आंख के सामने अपनी दुकान को जलता देख बदहवास हो गए। घंटो मशक्कत के बाद किसी प्रकार आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि आग लगने के बाद सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन सूचना के बाद भी फायरब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है।