विशुनपुरा। नगरा थाना क्षेत्र के मालीपुर-विशुनपुरा नहर मार्ग पर छितौना गांव के सामने सोमवार की शाम को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर आभूषण व्यवसायी की बाइक और मोबाइल छीन ली।
उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरारोड बाजार निवासी जितेंद्र सोनी की नगरा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा चट्टी पर आभूषण की दुकान है। जितेंद्र प्रतिदिन की तरह सोमवार की शाम दुकान बंद करके स्पलेंडर प्लस बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही वह मालीपुर-विशुनपुरा नहर मार्ग स्थित छितौना गांव के समीप पहुंचा कि बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उसे ओवरटेक करके रोक लिए तथा असलहा दिखाकर उसकी बाइक और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। आभूषण व्यवसायी ने गस्त पर निकली यूपी 100 को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी होते ही नगरा थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच मौका मुआयना किया तथा नाकेबंदी कर छानबीन में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित द्वारा तहरीर नहीं दिया गया था।