बांसडीहरोड। छपरा-बलिया रेल प्रखंड स्थित रघुनाथपुर पीपरपाती गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर गुरुवार को एक युवक का शव मिला। थोड़े ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त दुबहर थाना क्षेत्र के शिवपुर दियर नई बस्ती निवासी ठाकुर (40) के रूप में बड़े भाई श्रीनिवास ने की। परिजन उसके हत्या की आशंका जता रहे हैं। जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। बड़े भाई ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है। हालांकि पुलिस इसे आत्महत्या मानकर चल रही है।
उसके बड़े भाई श्रीनिवास की माने तो ठाकुर बुधवार की शाम ब्यासी चट्टी पर किसी काम से गया था। लेकिन वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। जिसकी काफी छानबीन की गई, लेकिन पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह बांसडीहरोड पुलिस से सूचना मिली कि रघुनाथपुर पीपरपाती गांव के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर लाश मिली है। शिनाख्त ठाकुर के रूप में हुई। श्रीनवास ने बताया कि उसके भाई की किसी ने हत्या कर रेलवे ट्रैक पर लाश फेंक दी। ताकि हत्या आत्महत्या समझा जाए। पीड़ित ने तहरीर देकर हत्या मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं बांसडीहरोड थानाध्यक्ष करुणेश सिंह का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। उसके पाकेट से मिली पर्ची के आधार पर युवक की शिनाख्त कर उसके परिजनों का सूचना दी गई। जबकि बांसडीहरोड रेलवे स्टेशन अधीक्षक संतोष वर्मा ने बताया कि डाउन मऊ-छपरा पैसेंजर ट्रेन के चालक की तरफ से सूचना दी गई थी कि रघुनाथपुर पीपरपाती गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद कंट्रोल सहित पुलिस को सूचना दी गई।