सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के कोथ गांव में शनिवार की देर शाम लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदाय के लोग मामूली बात को लेकर आमने सामने हो गए। विसर्जन जुलूस में कहीं से आकर गिरी ईंट ने तनातनी पैदा कर दी। हालांकि जुलूस के दौरान मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया। सूचना पर आला अधिकारी भी मयफोर्स मौके पर जा पहुंचे और हालत बिगड़ने से बचाया। बाद में पुलिस की निगरानी में शांति पूर्वक विसर्जन संपन्न हुआ। उधर, पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों की बैठक कर समझौता कराया। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शनिवार की रात ही मारुख खां की तहरीर पर 18 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जबकि देर शाम चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के कोथ गांव निवासी कुबेर शर्मा व नंदलाल शर्मा द्वारा दीपावली के दिन मां लक्ष्मी की प्रतिमा रखी गई थी। शनिवार की शाम विसर्जन के दौरान जुलूस जब मारूख खां के घर के समीप पहुंचा तो जुलूस पर उसके घर से ईट फेंकने की बात को लेकर जुलूस के लोेग मारूख खां के परिवार के सदस्याें से भिड़ गए। कहासुनी के दौरान ही जुलूस में मौजूद कुछ अराजकतत्वों ने मारूख खां के घर कर पर्दा फाड़ दिया और बाहर लगे बल्ब को तोड़ डाला। उधर, गांव में दो पक्षों में पथराव की अफवाह फैल गई और माहौल तनावपूर्ण होने लगा। लेकिन जूलूस के साथ चल रहे पुलिसकर्मियाें ने तत्काल थानाध्यक्ष को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर एसओ अनिल चंद्र तिवारी तत्काल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला और उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। सूचना मिली तो आनन-फानन में एसपी अनिल कुमार, एएसपी विजय पाल सिंह, एडीएम मनोज कुमार सिंघल, एसडीएम सिकंदरपुर फोर्स के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स तैनात कर दी गई है। रविवार को गांव में स्थिति सामान्य रही।