भीमपुरा। पैसे को बेडरेस्ट गेम के जरिये दोगुना करने वाले गिरोह के एक जालसाज को ठगी का शिकार हुए पीड़ित ने बुधवार को पकड़ लिया और पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। पुलिस मामले में आरोपी व पीड़ित से पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि भीमपुरा थाना क्षेत्र के सिकंदरापुर निवासी रामाश्रय प्रसाद का संपर्क एक वर्ष पूर्व मधुबन थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी पप्पू से हुई। पप्पू ने बेडरेस्ट गेम के माध्यम से पैसे को कई गुना कमाने का लालच दिया और अपने साथ रामाश्रय को आजमगढ़ में रैकेट के दूसरे सदस्यों से मिलवाया। उन लोगों से गेम खेलने की ट्रेनिग दिलवाई। इसके बाद गेम में पैसे लगाने की बात कह रामाश्रय से चार से पांच बार में करीब 20 लाख रुपये लगवाए। बाद में रैकेट के लीडरों ने कंपनी के मालिक को मृत घोषित कर दिया। रामाश्रय से कुछ दिनों बाद उसके एक रिश्तेदार ने उसके ठग जाने की बात कहीं। इस बात पर रामाश्रय ने पप्पू से मुलाकात की तो उसने 5 लाख रुपये देने की बात स्वीकार की। लेकिन उसके बाद वह फरार रहने लगा। बुधवार को रामाश्रय के एक परिचित ने उन्हें फोन पर पप्पू के सरया डीह भगत गांव में होने की सूचना दी। जिसपर रामाश्रय ने उसे एक गाड़ी के साथ पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंचे भीमपुरा थानाध्यक्ष आरोपी और पीड़ित दोनों को लेकर थाने आए। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में सीओ रसड़ा अवधेश कुमार चौधरी ने बताया कि यह पैसे के ठगी का मामला है, दोनों पक्षों से जानकारी ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।