नगरा (बलिया)। नगरा बेल्थरारोड मार्ग पर जहांगिरपुर के समीप शुक्रवार को अपराह्न लगभग तीन बजे पिकप की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार 30 वर्षीय युवक सदर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि स्थानीय थाना क्षेत्र के खरुआंव गांव निवासी युवक नैन कुमार बाइक से बेल्थरारोड की तरफ से आ रहा था। इस बीच नगरा बेल्थरारोड मार्ग पर जहांगिरापुर के समीप नगरा से जा रही पिकअप ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक का दाहिना पैर कट कर अलग हो गया। जबकि सिर में गंभीर रूप से चोट आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पर भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने युवक की स्थिति को गंभीर देखकर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। युवक की सदर अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सुरेश सिंह ने बताया कि परिजन की तहरीर देने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा और अज्ञात पिकअप वाहन का पता लगाया जा रहा है।