सिकंदरपुर (बलिया)। थाना क्षेत्र के बसारिकपुर गांव में मंगलवार की देर शाम दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई, जिसमें एक महिला सहित नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आधा दर्जन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया, जिनका वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष सिकंदरपुर अनिल चंद तिवारी, चौकी प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे मौके पर पहुंचे तथा आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम बसारीकपुर गांव निवासी रामप्रवेश राम की बेटी की बारात आई हुई थी। द्वार पूजा के समय गांव के ही अरविंद यादव व अभय यादव पुरानी रंजिश को लेकर बारात में लगे जनरेटर के साथ छेड़छाड़ करने लगे, जिसको गांव के ही धनंजय राम ने देख लिया और विरोध कर दिया। इससे खुन्नस खाकर अरविंद यादव ने उसकी पिटाई कर दी। अभी बराती भोजन कर ही रहे थे, तभी एक बार पुन: अरविंद यादव, अभय यादव एवं उनके समर्थकों ने पुन: जो भी मिला उसको पीटना शुरू कर दिया, जिसमें पवन कुमार (18), कमलेश कुमार राम (55), धनंजय कुमार राम (25), धन्नालाल राम (26), रतन राम (40), सुरेन्द्र राम (42), सोनेलाल राम उम्र (35), जितेंद्र राम (35), बिद्यावती पत्नी कमलापति (46) घायल हो गए। घायलों में पवन कुमार, कमलेश कुमार राम, धनंजय कुमार राम, धन्नालाल राम, रतन राम की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से पवन कुमार राम, कमलेश कुमार राम, धनंजय राम की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया, ट्रामा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से ही आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है। सूत्रों की माने तो लगभग चार माह पूर्व अरविंद यादव ने बसारीकपुर गांव निवासी सोनू राम की पिटाई कर दी थी, जिसमें सोनू राम द्वारा एससी एसटी का मुकदमा दर्ज कराया गया था, इसी से खुन्नस खाकर मंगलवार की शाम मारपीट की घटना हुई।