चितबड़ागांव। नगर पंचायत के उचकी घाट पर सोमवार की शाम नहाने गए एक युवक की टोंस नदी में डूबने से मौत हो गई । सुबह उसका शव घटना स्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर उतराया मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के वार्ड नंबर 10 अब्दुल कलाम नगर निवासी उमेश गुप्ता (24) पुत्र राजेश गुप्ता सोमवार की शाम चार बजे घर से नहाने के लिए निकला। अंधेरा होने पर भी जब नहीं लौटा तो घर वाले उसे ढूंढने नदी तट पर स्थित उचकी घाट आए और वहां किनारे पर उमेश के कपड़े देख किसी अनहोनी की आशंका से डर गए । परिजन पड़ोसियों की मदद से नदी में घुसकर टार्च के सहारे ढूंढने का हर संभव प्रयास किया, जाल भी लगाकर देखा। लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार की सुबह घटनास्थल से आधा किलोमीटर दूर उमेश का शव भीसापर नामक बस्ती के पास टोंस नदी में उतराया हुआ मिला। शव को पहचानते ही परिजन रोने लगे। युवक स्वतंत्रता सेेेनानी राजन गुप्ता का पौत्र बताया जा रहा है ।