बेल्थरारोड। बलिया-देवरिया मार्ग पर मंगलवार की शाम तुर्तीपार पुल के समीप तेज गति की अनियंत्रित पिकअप में बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे युवक का उपचार सीएचसी पर चल रहा है। उभांव थाना क्षेत्र के चौकिया ग्राम निवासी धनंजय गोंड(35) और आशीष गोंड (18) बाइक पर सवार होकर देवरिया से बेल्थरारोड की ओर आ रहे थे कि तुर्तीपार के समीप विपरीत दिशा से जा रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए। जिसमें एक युवक ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया जबकि दूसरे की स्थिति गंभीर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
हनुमानगंज: बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के जसांव गांव के पास सोमवार की रात बारात जाते समय कमांडर जीप की चपेट में आने से सुखपुरा थाने के देवकली के रहने वाले तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कमांडर जीप को अपने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित ने बांसडीहरोड थाने में तहरीर दे दी है। देवकली निवासी रामलाल वर्मा की बारात बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के दवनी गांव में जा रही थी। बाराती बनकर देवकली गांव निवासी अशोक यादव (25), राजेश यादव (22), संदीप वर्मा (28) शामिल हुए थे। अभी बारात जसांव गांव के पास पहुंची थी कि विपरीत दिशा से आ रही कमांडर जीप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोटर साइकिल पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाद कमांडर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित ने कमांडर जीप चालक के खिलाफ बांसडीहरोड थाने में तहरीर दे दी है।