बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के तिखमपुर गांव समीप ओझा के छपरा गांव में सोमवार की रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान समेट ले गए। घटना की सूचना पर मंगलवार को डॉग स्क्वाड के साथ पहुंची पुलिस ने काफी छानबीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज लिया है।
रसड़ा थाना क्षेत्र के कैलीपाली निवासी सिद्धार्थ सिंह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के ओझा के छपरा में एक मकान में रहते हैं। रविवार को वह पूरे परिवार के साथ मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने गांव चले गए थे। सोमवार की रात चोर गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखी आलमारी को तोड़ दिया और सारे गहने व अन्य सामान उठा ले गए। आसपास के लोगों ने ताला टूटा देखा तो सिद्धार्थ सिंह को इसकी सूचना दी। मंगलवार को सिद्धार्थ सिंह घर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। पीड़ित के अनुसार चोर आलमारी में रखा सोने की हार, चूड़ी, चांदी के पायल और अंगूठी के साथ एक अटैची ले गए। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।