बेल्थरा रोड। जीएमएएम इंटर कालेज में भारत माता की जय और वंदे मातरम बोलने को लेकर छात्रों की पिटाई के छह आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है। उभांव इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय गेट पर छात्रों के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने एक छात्र की तहरीर पर प्रधानाचार्य, शिक्षक और सात छात्रों के खिलाफ केस दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना के आरोपी मो. फैज निवासी बहोरवा, मो. फिरोज निवासी अतरौल, तनजील अहमद निवासी बिठुआ, मो. चांद निवासी उमरगंज, ओसामा निवासी अवाया, मो. आरिज निवासी कुंडैल को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश की कार्रवाई जारी है। जल्द ही अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने कहा कि जीएमएएम इंटर कालेज में स्थिति सामान्य कर पठन-पाठन बहाल करने के लिए उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी सभी पक्षों की बैठक कर वार्ता करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि त्यौहारों की छुट्टी के बाद सभी पक्षों की सहमति से स्कूल खुल जाएगा। इसके लिए प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोगों से वार्ता की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय के प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान आदि न कराने संबंधी डीआईओएस से जांच कराई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय में राष्ट्रगान होने की पुष्टि भी की। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य ने उन्हें जानकारी दी कि मामले में प्रार्थना सभा के दौरान शिक्षक संजय पांडेय को राष्ट्रीय प्रतीकों के उद्घोष की जिम्मेदारी दी गई। एक सवाल के जवाब में जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय प्रशासन ने छात्रहित के मद्देनजर शांति बहाली को लेकर स्वेच्छापूर्वक विद्यालय बंद कर दिया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को स्कूल खोलने पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए शैक्षिक माहौल दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की मान्यता संबंधी जांच शिक्षा विभाग के अधिकारी करेंगे।