बैरिया। दोकटी थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी गांव से रेवती थाना क्षेत्र के गोपालनगर गांव में बुधवार की देर रात बस से तिलक में शामिल होने गये पुरोहित की जमीन पर गिरे हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। उधर, खुुुशी गम में तब्दील हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार दोकटी थाना क्षेत्र के मुरारपट्टी गावं निवासी मुन्ना यादव की पुत्री की शादी गोपालनगर गांव निवासी राजनाथ यादव के पुत्र से तय है। जिसके तिलकोत्सव में तिलक चढ़ाने के लिए लड़की पक्ष के पुरोहित दोकटी थाना क्षेत्र के बाजिदपुर निवासी पंडित बब्बन दूबे (55) लड़की पक्ष द्वारा आरक्षित बस से तिलकहरुओं के साथ गोपालनगर गए हुए थे, जहां बस रुकी वहां पहले से हाई टेंशन बिजली तार टूट कर गिरा हुआ था। इस दौरान सबसे पहले पुरोहित बस से नीचे उतरे। इस बीच इनका पैर जमीन पर गिरे हाईटेंशन तार के ऊपर पड़ गया। इसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। इससे बाद अफरा-तफरी मच गई। बब्बन दूबे की मौत के बाद शेष लोग बस के दूसरे गेट से नीचे उतरे। घटना की सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों के आग्रह पर शव का पंचनामा करने के बाद उन्हें सौंप दिया। पुरोहित के मौत के बाद किसी तरह से यादव परिवारों ने तिलकोत्सव सम्पन्न कराया।