सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के हरनाटार गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर उदयी उर्फ उदयनारायण का क्षेत्र सहित जनपद में लगभग तीन दशक से अधिक से अपराध की दुनिया में काफी बोलबाला रहा। इस दौरान उदयी ने तब से लेकर अब तक कुल छोटे-बड़े दो दर्जन आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। जिसमें हत्या, लूट, डकैती, छिनैती जैसे जघन्य अपराध भी हैं। हालांकि इधर लगभग एक दशक से शांत चल रहा था। रविवार की शाम देवरिया जनपद के मईल थाना अंतर्गत भागलपुर पिंडी मार्ग पर शव मिलने की जानकारी पुलिस को मिली। जिसमें गला रेतकर हत्या की जानकारी जब परिजनों को हुई तो परिजन अवाक रह गए।
बताया जा रहा है कि रविवार को पूरे दिन वह माल्दह चट्टी के इर्द-गिर्द दिखाई दिया था। इन दिनों वह काफी मात्रा में शराब का सेवन आदि करता था। लोगों की मानें तो शराब के नशे में ही उसकी हत्या की गई है। हालांकि देवरिया पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के दो पुत्र थे। जिसमें एक का नाम राणा व दूसरे का नाम टिल्लू है। राणा हरनाटार ग्राम सभा का पिछली बार प्रधान भी रह चुका है, लेकिन दोनों भाई अब बाहर रहकर नौकरी करते हैं।