बलिया/सहतवार। रेवती-सहतवार मार्ग पर दो अप्रैल की शाम छिनैती करने में असफल रहे बदमाशों ने बाइक सवार को गोली मार दी थी। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। युवक की माता पुष्पा देवी की तहरीर पर सहतवार पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात दो बदमाशों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर गांव निवासी अभिषेक (30) उसी गांव के दीपक सिंह व डिम्पी रेवती किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। जहां से तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर रेवती से सहतवार होते हुए गांव जा रहे थे। जैसे ही सहतवार थाना के जिन्न बाबा के स्थान पर पहुंचे कि दो बदमाशों ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन जब वह असफल दिखे तो बाइक चला रहे युवक अभिषेक पर गोली चला दी। जो युवक के गले में जा लगी। बाइक पर बैठे दोस्तों ने उसे बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया था। जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया था। आज वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। गुरुवार को युवक की मां पुष्पा देवी के तहरीर पर सहतवार पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।