बलिया। जिला अस्पताल स्थित टीबी क्लीनिक में शनिवार की रात अचानक आग लग गई। धुआं उठता देख इमरजेंसी के कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों के प्रयास से किसी प्रकार आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक जरूरी अभिलेख तथा मशीनरी जलकर राख हो गई थी। कर्मचारियों की मानें तो शार्टसर्किट की वजह से आग लगी है।
जिला अस्पताल में शनिवार की रात में टीबी क्लीनिक बंद था। इसी बीच शार्टसर्किट से क्लीनिक में आग लग गई और उसमें रखे जरूरी अभिलेख आग की चपेट में आ गए। आग ने विकराल रूप ले लिया। कमरे के अंदर काला धुआं देख इमरजेंसी में तैनात कर्मचारियों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कमरे का ताला तोड़ा तब जाकर आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।