हल्दी (बलिया)। थाना क्षेत्र के चैनछपरा गांव के समीप ग्रामीणों ने बुधवार की देर रात शराब से लदी एक डीसीएम को रोककर उसकी हवाल निकाल दी। लेकिन उनका यह प्रयास बेकार गया। सूचना मिलने के बाद भी समय से पुलिस नहीं पहुंची, इस बीच पांच की संख्या में स्कार्पियो से पहुंचे बदमाशों ने असलहे के बल पर ग्रामीणों को धमकाकर वहां से भगा दिया और वाहन से शराब उतारकर नाव से बिहार भेज दिया। इसके बाद फायरिंग करते हुए बदमाश भी आराम से भाग गए। तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची। अंत में पुलिस ने डीसीएम को अपने कब्जे में लेकर थाने आई।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात करीब साढ़े 11 बजे सीताकुंड-चैनछपरा मार्ग पर एक डीसीएम पहीुंची। चैनछपरा गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य बब्बू चौबे सहित अन्य ग्रामीणों ने डीसीएम को रोककर चालक से पूछताछ की। इसी बीच किसी ग्रामीण ने बताया कि डीसीएम में शराब लदी है। जब वाहन को ग्रामीणों ने चेक किया तो उसमें भारी मात्रा में शराब मिली। इसपर ग्रामीणों ने डीसीएम की हवाल निकाल दी और पुलिस अधीक्षक को सूचना दी। सूचना देने के कुछ देर बाद ही एक स्कार्पियो में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने असलहा दिखाते हुए ग्रामीणों को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया। जिसके बाद डीसीएम से सारा शराब उतार कर नाव में लाद दिया और नदी के रास्ते बिहार भेज दिया। उधर, धीरे-धीरे वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए और झुंड बनाकर जब आगे बढ़े तो बदमाश हवाई फायरिंग करने लगे। इसके बाद भाग गए। हालांकि कुछ देर बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और डीसीएम पर खाली शराब की पेटियां देखकर चली गई। गुरुवार की सुबह फिर पुलिस मौके पर पहुंची और डीसीएम को कब्जे में लेकर थाने ले गई। सूत्रों की माने तो हल्दी थानाध्यक्ष शराब बरामद करने के लिए गंगा नदी पार जवहीं चौकी क्षेत्र में गये।