बलिया। जनपद में अश्लील वीडियो व गानों के डाउन लोडिंग करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। उनके कब्जे से चार लैपटाप, चार हार्ड डिस्क, तीन डाटा केबल बरामद किए गए हैं।
शनिवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन हाल में खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि नगर के इंदू मार्केट के पीछे गली में कुछ लोग टेबल व मेज लगाकर अश्लील वीडियो व गाने डाउनलोड करते हैं। इस पर कोतवाली व सिविल चौकी पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया था। जबकि एक लैपटाप छोड़कर भागने में सफल हो गया। इस दौरान पुलिस ने 14 लैपटाप पकड़ा था। जांच में चार लैपटापों में अश्लील वीडियो व गाने लोडिंग करने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने पहले आठ लोगों को धारा 34 के तहत चालान कर छोड़ दिया। जबकि शहर कोतवाली क्षेत्र के जेपीनगर उमरगंज निवासी अक्षय वर्मा पुत्र विशेश्वर वर्मा, घुरहु नारायण के छपरा निवासी रोहित कुमार पुत्र जयमंगल प्रसाद, जापलिनगंज बेदुआ निवासी सत्यम वर्मा पुत्र स्व. अनिल कुमार वर्मा तथा जगदीशपुर निवासी कोमल कुमार पुत्र छोटेलाल को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया। बताया कि अभियुक्तों के पास से चार लैपटाप, चार हार्डडिस्क च तीन डाटा केबल बरामद किया। जबकि सूरज नाम का युवक भागने में सफल रहा।