क्षेत्र के बहदुरा चट्टी के पास सोमवार की रात साइड लेने को लेकर बालू लदे ट्रक ड्राइवर से पिकअप सवार चार लोगों ने मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़ित को थाने लाई तथा मारपीट का मुकदमा दर्ज किया।
सोमवार की आधी रात ट्रक पर बालू लादकर ड्राइवर श्री निवास यादव बेल्थरारोड जा रहा था। ज्योंही बहदुरा चट्टी के समीप पहुंचा कि पिकअप ड्राइवर के बीच गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद हो गया। जिसमें पिकअप पर सवार चार लोगों ने ट्रक ड्राइवर श्रीनिवास यादव ग्राम महाराजपुर थाना सहतवार को बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान पिकअप ड्राइवर की सूचना पर तीन-चार लोग और भी बाइक से वहां पहुंच गए थे। ट्रक ड्राइवर ने इसकी सूचना सौ नंबर व पुलिस अधीक्षक के सरकारी नंबर पर दी । 100 नंबर के वाहन पहुंचने से पूर्व पिकअप सवार भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मनियर थाना प्रभारी चंद्रभानु यादव को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सौ नंबर पुलिस व थाना प्रभारी पीड़ित को थाने ले गए। इस संबंध में थाना प्रभारी चंद्रभानु यादव का कहना है कि सूचना मिलने पर वे तत्काल घटना स्थल पर पहुंच गये। गाड़ी को साइड किए जाने को लेकर मारपीट हुई थी । मारपीट करने वालों को पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी । पुलिस ने ड्राइवर की तहरीर पर चार अज्ञात के विरुद्ध धारा 323 , 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।