बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के गड़वार रोड स्थित कटहल नाला पुलिया के समीप शुक्रवार की देर रात बलिया जा रही स्वीफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर दाएं साइड में रखे ईट में जाकर टकरा गई। जिसमें सवार एक युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे को वाराणसी रेफर कर दिया। उसकी रास्ते में मौत हो गई। वहीं, युवती का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
फेफना थाना क्षेत्र के पौहाड़ीपुर निवासी शिवानंद पांडेय की पुत्री की शादी तीन जून को थी। जिसमें हित-मित्र सभी जुटे हुए थे। शुक्रवार की रात शिवानंद का 20 वर्षीय पुत्र विवेकानंद पांडेय व उसका दोस्त शहर कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज निवासी आरिफ (25) पुत्र मुन्ना अपने बहनोई की स्वीफ्ट डिजायर कार लेकर कुछ सामान खरीदने के लिए स्टेशन जाने लगे। उनके साथ बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के हुसेनाबाद निवासी व विवेकानंद की मौसी की लड़की काजल दुबे (18) भी साथ गई। तीनों गाड़ी पर बैठ जैसे ही कटहल नाला के पास पहुंचे कि गाड़ी अनियंत्रित होकर बाएं से दाएं रखे ईट में जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी बेजोड़ थी कि ईट छिन्न-भिन्न हो गया। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां विवेकानंद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि आरिफ की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। जिसकी रास्ते में मौत हो गई। वहीं काजल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद एक युवक का अंतिम संस्कार कीनाराम घाट पर किया गया। जबकि दूसरे युवक की मुस्लिम रीति रिवाज से मिट्टी दी गई। उधर, मृत विवेकानंद के घर में खुशी की गम में तब्दील हो गई। मृतक विवेकानंद अपने तीन भाई-बहनों में छोटा था।