प्रधानमंत्री आवास के नाम पर वसूली करने के आरोप में बांसडीह रोड पुलिस ने दुबहड़ ब्लॉक के हरिपुर गांव के प्रधान शिवकुमार गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत के निर्देश पर की है।
बताया जाता है कि करीब एक माह पहले गांव के छोटे लाल राम ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उन्हें पीएम आवास आवंटित है, लेकिन इसके लिए प्रधान ने 30 हजार की धनराशि ली। बताया कि धनराशि कम होने के कारण उनका आवास नहीं बन पा रहा है और मांगने पर प्रधान नहीं दे रहे हैं। डीएम ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश डीआरडीए के पीडी व दुबहड़ ब्लॉक के बीडीओ को दिया था। जांच में मामला सही पाए जाने पर 11 अप्रैल को पीडी व बीडीओ ने अपनी उपस्थिति में बांसडीह रोड थाने पर छोटे लाल राम से प्रधान के खिलाफ तहरीर दिलाई। लेकिन इसके बाद भी जब पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया तो शिकायतकर्ता ने फिर डीएम से गुहार लगाई। 29 अप्रैल को डीएम ने बांसडीह रोड थाना पत्र भेज कर बताया कि पीडी व बीडीओ की मौजूदगी में शिकायतकर्ता की ओर से दी गई तहरीर पर की गई कार्रवाई से अभी तक पीडी कार्यालय को अवगत नहीं कराया गया है। डीएम ने पांच मई तक कार्रवाई से साक्ष्य सहित अवगत कराने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीडी कार्यालय को एफआईआर की प्रति समेत अवगत कराया है।