कसबा स्थित चौराहे पर बुधवार की रात ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत के बाद ग्रामीणों ने सुखपुरा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव भी किया था। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को 22 नामजद सहित डेढ़ सौ अज्ञात लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया है।
बता दें कसबा स्थित चौराहे पर बुधवार की रात आठ बजे अज्ञात साइकल सवार को बांसडीह की ओर जा रही ट्रक ने सामने से टक्कर मार दिया। आसपास के लोगों ने उसे पिकेट पर तैनात सिपाहियों के साथ उसे जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
साइकल सवार की मौत की सूचना के बाद ग्रामीणों ने चौराहे पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट बाद पहुंचे थानाध्यक्ष विनीत कुमार राय पर ग्रामीणों ने पत्थरबाजी कर दी। पुलिस के हल्के बल प्रयोग के बाद ग्रामीण तितर-बितर हो गए। इसके बाद उपनिरीक्षक कमलेश यादव की तहरीर पर 22 लोगों को नामजद तथा 150 अज्ञात लोगों पर पुलिस मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर , टक्कर मारने वाले ट्रक को पुलिस बांसडीह से पकड़ कर चालक सहित थाने लाई।
भाजपा नेताओं पर केस दर्ज होने से रोष
कसबा स्थित चौराहे पर हादसे के बाद हुए बवाल के दौरान चिह्नित गांव के भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिससे भाजपाजनों में काफी आक्रोश है। जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दूबे ने कहा कि घटना को राजनीतिक रूप देना ठीक नहीं है। सुखपुरा पुलिस ने नामजद लोगों में अधिकांश भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया है। ऐसे लोगों के नाम भी मुकदमा दर्ज किया गया है जिसका घटना से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा इस मामले में चुप नहीं बैठेगी। फेफना विधायक उपेंद्र तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है। पुलिस सपा के इशारे पर बवाल खड़ा कर रही है। लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग कर रहे थे। लेकिन पुलिस तानाशाही रवैया अपना रही है।
स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग
समाजवादी पार्टी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष राना कुनाल सिंह ने जिलाधिकारी से मांग किया है कि 24 घंटे के अंदर जब तक गोलबंर नहीं बन जाता तब तक स्पीड ब्रेकर बनाया जाए। राष्ट्रीय छात्र संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता विवेकानंद पाठक ने प्रशासन से मांग किया है कि आए दिन दुर्घटना हो रही है। वहां पिकेट पर तैनात सिपाहियों को तीव्रगति से चलने वाली वाहनों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है।