नगरा (बलिया)। बेल्थरारोड से सामान उतार कर वापस जा रहा तेज रफ्तार ट्रक मंगलवार की रात लगभग 11 बजे कस्बे के हनुमान चौक पर अनियंत्रित होकर किराने की दुकान में घुस गया। वहीं पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी पहले वाले से टकरा गय्रा। बगल में स्थित अन्य दुकानों के सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में पहले ट्रक का चालक घायल हो गया। वहीं, दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल ड्राइवर को पीएचसी नगरा भेजवाया, जहां गंभीर स्थिति देख चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
चंदौली जनपद के एक ही मोटर मालिक के तीन ट्रक बेल्थरारोड में सामान उतार कर वापस जा रहे थे। इस दौरान ट्रकों की रफ्तार काफी तेज थी। आगे चल रहा ट्रक जैसे ही हनुमान चौक पर पहुंचा, अनियंत्रित होकर गोविंद मद्धेशिया की किराने की दुकान को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। उसके पीछे चल रहा ट्रक भी अनियंत्रित होकर ट्रक में लड़ते हुए बगल की कृपाशंकर, गोपाल, जयप्रकाश आदि के दुकानों के सामने रखे सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में 25 वर्षीय चालक अनिल यादव निवासी सासाराम रोहतास बिहार घायल हो गया। वही किराने की दुकान का आधा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।