बांसडीह (बलिया)। कोतवाली पुलिस ने कस्बा के तिराहे के पास सोमवार की रात ट्रक में एक महिला का अपहरण कर भाग रहे चालक व खलासी को गिरफ्तार किया और अपहृत महिला मुक्त कराया। पुलिस ने ट्रक चालक व खलासी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ट्रक को सीज कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी अपने सहयोगियों के साथ बांसडीह सप्तर्षि चौराहे पर सोमवार की रात वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सहतवार की तरफ से आ रहे ट्रक से एक महिला की आवाज सुनाई दी। महिला की आवाज सुन पुलिस ने ट्रक का पीछा कर रोकवाया। जांच में ट्रक में महिला मिली उसे नीचे उतरा गया। पुलिस को महिला ने बताया कि रेवती से सहतवार आने के लिए कोई साधन नहीं था। इसी बीच ट्रक आते दिखाई दिया। उसके चालक से सहतवार तक ले चलने की बात कही। ट्रक चालक ने उसे बैठा लिया। लेकिन सहतवार उतारने के बजाय लेकर भागने लगा। जब उसने पुलिस को देखा तो मदद के लिए गुहार लगाई। प्रभारी निरीक्षक ने महिला के परिजनों को सूचना देकर बुलवाया और महिला को उनके सुपुर्द कर दिया। वहीं, ट्रक चालक उमेश यादव निवासी फेफना एवं भरत यादव निवासी बालेश्वर मंदिर शहर कोतवाली को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।
--------------------------------