सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव के पास सड़क हादसे में मृत आर्मी जवान का पार्थिव शरीर सोमवार को जैसे ही पहुंचा, पूरे गांव व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में पूरे सैनिक सम्मान के साथ 39 जीटीसी वाराणसी गोरखा ट्रेनिंग सेंटर से आए सूबेदार वंश बहादुर की टीम ने सलामी देकर विदाई दी ।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रसड़ा-बलिया मार्ग स्थित अमहर गांव के समीप शनिवार की शाम बाइक सवार आर्मी जवान की मौत हो गई थी। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर तिवारीपुर गांव निवासी राजेश कुमार राजभर (35) पुत्र दीनानाथ राजभर आर्मी के डोगरा रेजीमेंट में शिमला में तैनात थे। अपने पुत्र के इलाज के लिए वह छुट्टी लेकर आए हुए थे। घर से ससुराल रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के चन्द्रवार गांव गए थे। उनकी पत्नी जयश्री बाला शिक्षामित्र हैं और रसड़ा कस्बा के पानी टंकी रोड में किराए के मकान में रहती हैं। पत्नी को टीईटी की परीक्षा देनी थी। इसकी जानकारी के लिए राजेश शनिवार को बलिया जा रहे थं। अभी वह रसड़ा-बलिया मार्ग स्थित अमहर गांव के समीप पहुंचे ही थे कि तेज गति से आ रही पिकअप ने राजेश कुमार राजभर को टक्कर मार दिया। इससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी रसड़ा लाया गया, जहां से मऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। आर्मी जवान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। मृतक जवान अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्र हिमांशु व नौ वर्षीय पुत्र रियांशु को छोड़ गए हैं। मृतक जवान की अंतिम विदाई देने के लिए थानाध्यक्ष सिकंदरपुर अनिल चंद तिवारी, ग्राम प्रधान राजू पांडेय, लालबचन तिवारी, लाल राजभर, उमेश राजभर आदि मौजूद रहे।