बलिया। जिले के नामी गिरामी एक आर्थो सर्जन से बुधवार की देर रात तीन करोड़ की रंगदारी के मामले में पुलिस ने गुरुवार की देर रात करीब छह लोगों को पूछताछ के लिए उठाया। पीड़ित चिकित्सक के भाई विनोद सिंह ने अज्ञात रंगदारी मांगने वाले के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दिया था। जबकि पुलिस पीड़ित द्वारा शिकायती पत्र देने की बात कही जा रही है।
जिला महिला चिकित्सालय के सामने स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग के आर्थो सर्जन से बुधवार की देर शाम अज्ञात बदमाश ने लेटर भेजकर तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। जिसका समय 12 फरवरी बदमाश द्वारा दिया गया था। अन्यथा की स्थिति में जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में आर्थो सर्जन के छोटे भाई व नर्सिंग होम संचालक विनोद सिंह ने अज्ञात के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दिया था। जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई थी। इस मामले में पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से छानबीन कर जनपद के विभिन्न स्थानों से करीब छह लोगों को पूछताछ के लिए उठाया। जबकि पुलिस का मानना है कि पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है, बल्कि शिकायती पत्र दिया गया है। पुलिस अधीक्षक देेवेंद्र नाथ ने बताया कि पीड़ित द्वारा शिकायती पत्र दिया गया है। जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करते हुए करीब छह लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। उम्मीद है जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा। बताया कि अगर पीड़ित तहरीर देता है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई अवश्य की जाएगी।
बता दें कि बुधवार की सुबह करीब 7.14 बजे नर्सिंग होम संचालक के मोबाइल पर 7518982387 से फोन आया था। जिसे संचालक की पत्नी ने उठाया था। फोन पर व्यक्ति ने पूछा कि लेटर मिल गया है। इस पर संचालक की पत्नी ने कहा कि कैसा लेटर? इस पर कहा कि लिफाफे में भेजा गया पत्र देखोगी तो होश उड़ जाएगा। आपके पास फिर फोन जाएगा। इतना कहने के बाद फोन काट दिया गया। इसकी जानकारी होने पर परिवार के अन्य सदस्यों के भी होश उड़ गए थे। इसके बाद नर्सिंग होम के पर्ची काउंटर पर करीब डेढ़ बजे एक लिफाफा मिला। जिसमें उल्लेख था कि जीना चाहते हो तो तीन करोड़ रुपया पैक कर दो और एक विदेश का व्हाट्सएप नंबर दिया गया था जिस पर व्हाट्सएप करना था। इसके लिए 12 फरवरी तक समय दिया गया था।