बैरिया। क्षेत्र के सोनबरसा गांव में स्थित शिवाला पर सो रहे एक व्यक्ति को मछलियां चुराने से रोकने पर शनिवार की देर रात पिकअप सवार बदमाशों ने गोली मार कर घायल कर दिया। जब तक ग्रामीण मौके पर जुटते, बदमाश भाग निकले। घायल के पुत्र ने थाने में तहरीर दी है।
सोनबरसा निवासी नवमी तुरहा (48) शनिवार की देर शाम अपने घर के सामने कार्टन में रखी अपनी मछलियों की रखवाली के लिए शिवाला पर सो रहा था। रात करीब ढाई बजे पिकअप से सवार होकर आए दो लोग वहां रखे मछली से भरे कार्टन ले जाने लगे। नवमी ने मना किया तो एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली नवमी की कनपटी व पैर में लग गई। शोर मचाने पर आसपास के घरों के लोग शिवाला पर पहुंचे। लेकिन इस बीच बदमाश पिकअप पर सवार होकर भाग निकले। लोगों ने नवमी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। नवमी के पुत्र भोला तुरहा ने बैरिया थाने में तहरीर दी है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।