बलिया। भाजपा के पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह ने सोमवार को रसड़ा कस्बा निवासी डा. दिनेश दत्त दुबे प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की तथा स्थानीय पुलिस पर शिथिलता बरतने का आरोप लगाया। विधायक ने चेताया कि अगर अभियुक्तों के विरूद्ध जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो सीएम के सामने वह धरने पर बैठेंगे।
भाजपा के पूर्व विधायक रसड़ा कस्बा के स्टेशन रोड निवासी डा. दिनेश दत्त दुबे का प्रकरण लेकर एसपी के दरबार पहुंचे। आरोप था कि दिनेश दत्त के मकान में आठ जून 2017 की रात डकैती हुई थी। जिसमें बदमाश एक्स-रे मशीन सहित अन्य उपकरण उठा ले गए थे। रसड़ा कोतवाली में नामजद तहरीर देने के बाद भी तत्कालीन कोतवाल ने सामान्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। जब पीड़ित ने एसपी से डीआईजी व आईजी तक गुहार लगाई तो पुलिस ने धारा 395 व 397 के तहत केस दर्ज किया। लेकिन अब तक न तो चार्जशीट दाखिल की गई और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। नतीजतन, अभियुक्तों ने इनके मकान पर कब्जा कर इन्हें मकान से बेदखल कर दिया। जिसके बाद पीड़ित ने पुन: एडीजे व डीजीपी से न्याय की गुहार लगाई। इस मामले में एडीजी ने 16 जनवरी 2018 को रसड़ा सीओ, रसड़ा एसओ व विवेचक को अपने यहां तलब किया। निर्देश दिया एक सप्ताह के अंदर अभियुक्तों के विरूद्ध चार्जशीट लगाकर गिरफ्तारी करें। बावजूद पुलिस ने कोई कोर्रवाई नहीं की गई। एडीजी ने पुन: दो फरवरी को निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी एडीजी व डीजीपी तक को है। मामले में कार्रवाई चल रही है।