क्षेत्र के कोटवां नारायनपुर चट्टी पर बुधवार को कट्टा व हॉकी से लैस बदमाशों ने एक दूकानदार को मारपीट कर घायल कर दिया। कोरंटाडीह चौकी पुलिस ने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला और पहचान के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए गाजीपुर जनपद के बलुआ तरांव व बदौली गांव में दबिश भी दी, लेकिन कोई नहीं मिला। दुकानदार की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
कोटवां चट्टी पर माधव स्वीट्स के दुकानदार गोविंद की मानें तो 29 अप्रैल को दुकान से बलुआ तरांव गांव के एक व्यक्ति को मिठाई की आपूर्ति की गई थी। मिठाई की दर को लेकर उस व्यक्ति से दुकान पर विवाद हुआ था, जिसे आसपास के लोगों ने शांत कराया था। बुधवार को छह लोग दूकान पर आए जिसमें कुछ लोग हॉकी लिए और एक व्यक्ति के हाथ में कट्टा था। युवकों ने पहले नाम पूछा और फिर हमला कर दिया और जब तक आसपास के लोग जुटते वह भाग निकले। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे कोरंटाडीह चौकी के प्रभारी अजीत सिंह ने सीसीटीवी को देखा जिसमें कुछ युवक गाजीपुर जिले के बलुआ तरांव के तो कुछ बदौली गांव रहने वाले की पहचान हुई। युवकों के हमले से दुकानदार गोविंद को चोटें आई हैं।