बलिया। जिले में मतदान के बाद प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी है। दस मार्च को मतगणना होनी है। इसके लिए कुल 98 टेबुल लगेंगे। प्रत्येक विधानसभा की मतगणना 14 टेबुलों पर होगी। इसके अलावा चार टेबुलों पर सभी विधानसभा के पोस्टल बैलेट मतों व एक टेबुल पर सर्विस वोटरों के मतदान की गिनती होगी।
जिले के सात विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,828 बूथों पर तीन मार्च को मतदान हुआ था। सभी विधान सभा की मतगणना दस मार्च को एक साथ विधान सभावार बने टेबुल पर की जाएगी। बांसडीह विधानसभा में सर्वाधिक 448 बूथों पर मतदान हुआ है। जबकि रसड़ा में 426, बेल्थरा रोड में 420, बलिया नगर में 407, बैरिया में 399, फेफना में 375 और सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में 353 बूथों पर मतदान हुआ है। बूथों की स्थिति के अनुसार इस बार बांसडीह में सर्वाधिक 32, रसड़ा में 31, बेल्थरारोड में 30, बलिया नगर में 29, बैरिया में 29, फेफना में 27 और सिकंदरपुर विधानसभा में 25 चक्र की गणना होगी। उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम के पास ही व्यवस्था की गई है और तैयारियां तेज कर दी गईं हैं।
मतगणना कार्मिकों को एक घंटे पहले होगी टेबुल की जानकारी
बलिया। शहर से सटे परिखरा स्थित मंडी समिति में दस मार्च से होने वाली मतगणना में तैनात होने वाले कर्मचारियों को मतगणना प्रारंभ होने के एक घंटे पहले यह जानकारी होगी कि उनकी ड्यूटी किस टेबुल पर लग रही है। हालांकि किस विधानसभा में उनकी तैनाती की जा रही है। इसकी जानकारी उन्हें दूसरे चरण की ड्यूटी पत्र मिलने पर हो जाएगी।
विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को हुए मतदान के बाद जिला प्रशासन की नजरें निष्पक्ष मतगणना कराने पर टिकी हुई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने इस बार मतगणना की गोपनीयता को बनाए रखने के लिए कई परिवर्तन किए हैं। मतगणना के लिए कर्मचारियों को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण के प्रशिक्षण में मतगणना से संबंधित जानकारी दी जाएंगी। दूसरे चरण में एक टेबुल पर लगने वाले कर्मचारियों का मिलान होगा। दूसरे चरण की ड्यूटी में कर्मचारियों को इस बात की जानकारी हो जाएगी कि उन्हें किस विधानसभा में लगाया गया है। मगर वह गणना करेंगे या रिजर्व में रहेंगे। अगर गणना करेंगे, तो किस टेबुल पर उनकी ड्यूटी लगेगी इसकी जानकारी एक घंटे पहले ही होगी।
-----
आपराधिक छवि वाले नहीं बन सकेंगे अभिकर्ता
बलिया। जिले की मतगणना कराने के लिए प्रत्याशी बेदाग छवि वालों को ही अपना एजेंट बना सकेंगे। अभिकर्ता बनने वाले लोगों को संबंधित थानों से चरित्र प्रमाण बनवाकर लगाना होगा। तभी उन्हें मतगणना पास मिलेगा। इस बारे में प्रशासन की ओर से सियासी दलों के नेताओं को जानकारी दी जा चुकी है। पुलिस की ओर से मतगणना के दौरान परिसर में किसी भी प्रकार का विवाद न पैदा हो, इसके लिए व्यवस्था की जा रही है। मतगणना से तीन दिन पहले सभी रिटर्निंग अधिकारी द्वारा मतगणना अभिकर्ता के लिए आवेदन लिया जाएगा, मगर एजेंट बनने वालों को अपने थानों से चरित्र प्रमाणपत्र देना होगा। एएसपी विजय त्रिपाठी ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि एजेंट बनने के लिए आवेदन करने वालों के बारे में रजिस्टर नंबर आठ देखने के बाद ही प्रमाण पत्र जारी करें।