बलिया। माल्देपुर से कदम चौराहा तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क का निर्माण शुक्रवार से शुरू हो गया। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों की मौजूदगी में ठेकेदारों द्वारा दाए लेन के लिए जेसीबी से गिट्टी खुदाई के बाद गिट्टी भरने का काम शुरू हो गया है। करीब चाढ़े चार किमी बनने वाली फोर लेन सड़क की चौड़ाई तकरीबन 14 मीटर है। इसमें एक लेन सात मीटर चौड़ा होगा। बीच में 1.20 मीटर चौड़ा डिवाइडर बनेगा। बरसात के कारण नाला निर्माण कार्य धीमा चल रहा है, खुदाई के कारण मकान क्षतिग्रस्त होने का डर बना रहता है। बहेरी तक सड़क के दोनों तरफ सीमेंटेड ढक्कन वाली नाली का निर्माण हो चुका है। आगे लोग अपना मकान खुद तोड़ रहे हैं।
शहर के बीचों बीच से गुजरने वाली फोर लेन सड़क निर्माण से जाम व अतिक्रमण की समस्या खत्म हो जाएगी। शहर का विस्तार भी होगा। एनएच 31 पर ज्यादा ट्रैफिक होेन के कारण आए दिन लंबा जाम का सामना करना पड़ता है। फोर लेन सड़क बनने के बाद न सिर्फ लोगों को जाम से निजात मिलेगी बल्कि बीच में बनने वाले डिवाइडर में फूल-पौधे लगेंगे जिससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी। डिवाइडर पर जिले के महापुरूषों, सेनानियों व ऐतिहासिक स्थलों के चित्र वाली एलईडी तस्वीरें लगाने की भी योजनाएं है।
000
कटहल नाला पर बनेगा चाैड़ा नया पुल
शहर के प्रवेश द्वारा पर एनएच-31 पर कटहल नाला पुल सिंगल होने के कारण हमेशा जाम बना रहता है। फोर लेन सड़क निर्माण के दौरान कटहल नाला पर भी एक नया पुल का निर्माण होगा, जो पुराने से चौड़ा होगा। एक लेन का आवागमन पुराने तथा एक लेन का नए पुल से होगा।