बलिया। पेट्रो मूल्यों व रसोई गैस सिलेंडरों की बेतहाशा बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली सिलेंडर व झंडा लेकर नगर में बैलगाड़ी यात्रा निकाली। कांग्रेस भवन से निकली बैलगाड़ी यात्रा नगर में भ्रमण करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंच कर सभा में परिवर्तित हो गई।
धरना सभा में जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय ने कहा कि मोदी और योगी सरकार में सिर्फ महंगाई का ही विकास हुआ है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में आज कांग्रेसी सड़क पर संघर्ष करने को तैयार हैं। इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्ना उपाध्याय ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के मूल्यों में बढ़ोत्तरी से किराया और माल भाड़ा बढ़ने से खाने पीने और जीवन रक्षक दवाएं महंगी हो गई हैं। व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष ऊषा सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलबदन तिवारी ने कहा कि मोदी अपने पूंजीपतियों मित्रों को ध्यान में रखकर रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों के मूल्यों में बढ़ोत्तरी कर रहें हैं जो निंदनीय है।
महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव पूनम पांडेय ने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर सरसों तेल और घरेलू गैस की महंगाई भारी है। सबसे सस्ता किसानों का गेहूं और चावल है। पिछड़ा प्रकोष्ठ विभाग जिलाध्यक्ष दीनबंधु यादव ने कहा कि महंगाई डायन आमजन के जीवन यापन को डंस रही है, इससे निजात सिर्फ कांग्रेस ही दिला सकती है। इस मौके पर विनोद सिंह, हरिकेन्द्र सिंह, सन्तोष चौबे, शाहिद अल्ली खां, डॉ. विजयानन्द, राजनारायण उपाध्याय, प्रेम नाथ शुक्ला, आन्नद मिश्रा, गिरीश कान्त गांधी आदि रहे।