कमिश्नर एमकेएस सुंदरम ने मंगलवार को सोहांव ब्लाक के लोहिया गांव दौलतपुर
में चौपाल लगाई। ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और ग्रामीणों से पूछताछ कर
विकास कार्यों का सत्यापन किया।
साथ ही लोगों से कहा कि अगर किसी काम में
मानकों की अनदेखी होती है तो इसकी शिकायत करें, निश्चित रूप से कार्रवाई की
जाएगी।
चौपाल में ग्रामीणों द्वारा खराब और अधूरे कार्य की शिकायत पर
संबंधित अधिकारी को तत्काल संज्ञान में लेने का निर्देश दिया। सचेत किया कि
दिए गए निर्देश के अनुपालन में शीघ्र पूछताछ की जाएगी।
इस दौरान एक
व्यक्ति ने बताया कि उसके यहां कई कनेक्शन होने के बावजूद पोल की व्यवस्था
विभाग नहीं कर रहा है। इससे काफी परेशानी होती है।
इस पर आयुक्त ने एक-दो
दिन के अंदर पोल गड़वाकर बिजली देने का निर्देश जेई को दिया। श्री संत
रामरज गोस्वामी मिडिल स्कूल पर पिछले दो साल से एमडीएम नहीं बनने और रसोईया
का भुगतान नहीं होने की शिकायत ग्रामीणाें ने की।
एक व्यक्ति ने पूर्ण
भुगतान हो जाने के बाद भी हैंडपंप का चबूतरा और सोख्ते का निर्माण नहीं किए
जाने की शिकायत की।
आयुक्त ने जांच कराने का आश्वासन दिया। गांव के एक
युवक ने खेल मैदान पर कब्जे की शिकायत की गई। इस पर आयुक्त ने तहसीलदार और
लेखपाल को पुलिस बल के सहयोग से कब्जा हटाने को कहा।
ग्रामीणों को संबोधित
करते हुए कहा कि ऐसा नहीं है कि बिना समस्या के कोई गांव, जिला, प्रदेश या
देश हो लेकिन सभी समस्याओं को हल करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
कहा
कि अगर प्रधान और सरकारी महकमा अच्छा काम कर रहे हैं तो समर्थन करें। गलत
कार्य करने पर शिकायत करें, ताकि दंडित किया जा सके।