बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरपुर मिढ्ढी में किराए के मकाने में रहने वाले गन्ना विभाग के कनिष्ठ लिपिक की शुक्रवार की देर रात आग से झुलस कर मौत हो गई। आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कर रही जांच।
मूल रूप से वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कोचवा गांव का निवासी साजन कुमार (35) गन्ना विभाग में कनिष्ठ लिपिक थे। वह हरपुर मिड्ढी में किराए के कमरे में अकेले रहते थे। शुक्रवार की रात आसपास के लोगों की नजर उनके कमरे पर पड़ी तो धूआं उठते देखा। लोग पहुंचे तो कमरे में साजन कुमार की लाश मिली। पड़ोसियों की सूचना पर चौकी प्रभारी कमलेश पाठक तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन के बाद घटना से परिजनों को अवगत कराने के साथ ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साजन के चचेरे भाई जिबोध ने बताया कि साजन तीन साल से किराए पर रहते थे। 2015 में शादी हुई थी। दो बच्चे हैं। ये भी बताया कि किराए को लेकर मकान मालिक के लड़के से विवाद हुआ था।