बैरिया। थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद गांव में रविवार की देर शाम सड़क पुनर्निर्माण के विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 13 लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने 15 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो पक्षों पर पुलिस ने मारपीट व बलवा का मुकदमा दर्ज किया है।
एसएचओ राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि पीडब्ल्यूडी सड़क के पुनर्निर्माण को एक पक्ष द्वारा यह कहते हुए रोक लगा दिया गया कि हमारे जमीन में बढ़ कर सड़क निर्माण हो रहा है जबकि दूसरे पक्ष का कहना था कि बेवजह यह लोग सड़क निर्माण रोक रहे हैं। इस बात को लेकर तू तू मैं मैं होते होते जमकर मारपीट हुई। जिसमे दोनों पक्षो के कुल 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष के श्रीकृष्ण सिंह की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ बलवा, धारदार हथियार का प्रयोग आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि दूसरे पक्ष के रितेश यादव की तहरीर पर सात लोगों पर घर में घुस कर मारपीट करने, बलवा, धारदार हथियार का उपयोग आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएचओ ने बताया कि एक पक्ष के जानकी शरण सिंह और दूसरे पक्ष के बच्चा यादव को गिरफ्तार कर किया गया और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।