हल्दी। हल्दी पुलिस ने सोमवार को विशाल हत्याकांड के आरोपी को हनुमान मंदिर बसुधरपाह कठई के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया। वहीं उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया। मोबाइल मांगने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने रविवार की शाम घटना को अंजाम दिया था।
रविवार को थाना हल्दी अंतर्गत हांसनगर नई बस्ती निवासी विशाल साहनी उर्फ टुनटुन की मोबाइल लेने की बात को लेकर आरोपी ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा व अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया व घटना की जांच के लिए थानाध्यक्ष हल्दी को एसपी ने निर्देशित किया।
इसके बाद नवागत थानाध्यक्ष हल्दी राजकुमार सिंह, उप निरीक्षक अमरजीत यादव ने हमराहियों संग घटना स्थल से अभिलेखीय व इलेक्ट्रानिकी साक्ष्य के आधार पर मुखबिर की सूचना पर सोमवार को आरोपी सूरज साहनी पुत्र रामायण साहनी निवासी हांसनगर थाना हल्दी को हनुमान मंदिर बसुधरपाह कठई के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक विशाल उर्फ टुनटुन पांच जून को गांव के ही महेश साहनी के लड़के की बरात में मैरीटार थाना बांसडीह गया था। जहां जयमाल के दौरान विपक्षीगण फोटो खींचने लगे। मना करने पर उनके द्वारा टुनटुन के भाई बादल साहनी का मोबाइल ले लिया गया था। दूसरे दिन मोबाइल मांगने टुनटुन विपक्षीगण के दरवाजे पर गया था, जहां टुनटुन साहनी को मारने लगे, तभी सूरज ने चाकू से हमला कर कर दिया। वहीं बीच बचाव करने पर उसके भाई बादल साहनी को भी चाकू से घायल कर दिया। जिसमें टुनटुन की मौत हो गई।