बलिया। कटहल नाला पुल की मरम्मत की मांग को लेकर विगत 23 जुलाई से आमरण अनशन पर बैठे सपा नेता मिंटू खान व राहुल राय के तीन सूत्रीय मांग पत्र को आखिरकार जिला प्रशासन ने बुधवार को मान ही लिया। मांग के क्रम में जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि टूटे पुल का जहां पुर्ननिर्माण कराया जाएगा। वहीं वर्तमान में संचालित पुल का मरम्मत कार्य एक सप्ताह के अंदर लगाया जाएगा। इसके साथ ही जब तक पुल मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक बड़े वाहनों को गड़वार रोड से पास कराया जाएगा। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट बृजकिशोर दूबे ने दोनों अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
इसके पहले अनशन स्थल पर पहुंचे समाजसेवी सेराजुद्दीन खान, दद्दन यादव, राजूूूू विधायक ने पहले दोनों अनशनकारियों को माला पहनाया, फिर अपने संबोधन में कहा कि बीते दिनों वाराणसी तथा कोलकाता में पुल हादसा होने के बावजूद जिला प्रशासन की कुंभकर्णी निद्रा टूट नहीं रही है। ये जिला प्रशासन तथा उप्र शासन सब कुछ करेंगे, जब पुल धराशायी हो जाएगी, जानें जाएंगी तब। कहा कि आज दो लोग अनशन पर बैठे हैं, कल जरूरत पड़ी तो मैं भी अनशन पर बैठूंगा। वहीं कम्यूनिस्ट नेता रोशन अली ने कहा कि भाजपा सरकार में अब लोगों का विश्वास नहीं रह गया है, बताया कि बार-बार अखबार के माध्यम से जिला प्रशासन को आईना दिखाने के बावजूद लोगों को पुल की मरम्मत कराने के लिए अनशन पर बैठना पड़ रहा है। यह लोकतंत्र और व्यवस्था के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस मौके पर जलाजुद्दीन जेडी, प्रभुनाथ यादव, राणाप्रताप यादव, रोहित चौबे, मनन दूबे, आशुतोष ओझा, रीतेश मिश्र पहाड़ी, मंटू गुप्त आदि रहे।