बलिया। शहर के अधिकांश मोहल्लों में बनी नालियां या तो खुली है या फिर क्षतिग्रस्त हैं। वही कई जगह मेनहोल खुले हुए हैं जो दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। आए दिन कोई न कोई गिरकर इसमें घायल हो रहा है। वहीं, लोगों को आवागमन में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नगरपालिका की ओर से इस ओर कोई ध्यान हीं दिया जा रहा है।
शहर में जल निकासी की माकूल व्यवस्था न होना बड़ी समस्या है। बरसात के सीजन में मोहल्लों के अलावा रोड पर भी जलजमाव होना आम बात है। वर्षों पहले बनाई गईं नालियां अधिकतर चोक हो चुकी हैं। इसे दूर करने के लिए नगर पालिका की ओर से पहले से चौड़ी और गहरी नालियां बनाई तो जा रही हैं, लेकिन अभी इसका काम जारी है। नाले का निर्माण होते देख शहर के लोग उत्साहित हुए। लेकिन इसका हश्र देखकर निराशा हो रही है। सड़क के किनारे मिट्टी और कचरा डालकर समस्या बढ़ाई गई है। न हटाने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। इसके साथ ही नालियों के खुला होने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। खुली नाली से कभी बड़ी घटना घट सकती है। संबंधित विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है । यदि वाहन चलाते समय जरा सी भी असावधानी होती है तो असमय ही लोगों को चोटिल होना पड़ सकता है।
एसपी आफिस से कोतवाली जाने वाले रास्ते और कुंवर सिंह तिराहे से एनसीसी तिराहे मार्ग समेत कई स्थानों पर मेनहोल खुला हुआ है। कुछ स्थानों पर इसमें लकड़ी या अन्य वस्तुएं डालकर छोड़ दिया गया है। खुले मेनहोल भी हादसे का कारण बन रहे हैं। ऐसा नहीं है कि स्थानीय लोगों की ओर से इसे बंद करने की मांग न की गई हो, इसके बाद भी इस प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कुंवर सिंह चौराहा से एनसीसी तिराहा तक जाने वाली सड़क पर बने सीवर के टूटे हुए ढक्कन की मरम्मत कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी, पीडब्ल्डीयू के अधिशासी अभियंता और नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी पत्रक सौंपा गया था। अब तक सीवर के ढक्कन का मरम्मत नहीं कराई गई।
सुमीत मिश्र गोलू, सभासद वार्ड नंबर 15
नाले का निर्माण अभी कराया जा रहा है। वहीं सीवर का मेनहोल जलनिगम की ओर से ठीक कराया जाएगा। इसके लिए वार्ता की जाएगी।
दिनेश विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी