पाकिस्तान को लेकर चीन की दोहरी नीति अब साफ हो गई है, ऐसे में चीन को भी सबक सिखाने का समय आ गया है। मंगलवार को नगर के प्रबुद्धजनों ने बैठक कर चीन निर्मित उत्पादों के बहिष्कार का निर्णय लिया। इतना ही नहीं जगह-जगह चीनी सामानों को भी जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान छात्र नेता रिपुंजय रमण पाठक रानू ने एससी कालेज में बैठक कर छात्रों को जहां चीनी सामान के बहिष्कार का संकल्प दिलाया, वहीं बांसडीहरोड स्थित शंकरपुर चट्टी पर एडवोकेट शशिकांत तिवारी के नेतृत्व में चाइनीज सामानों को जलाकर आक्रोश जताया गया।
एससी कालेज के प्रांगण में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए छात्र नेता रिपुंजय रमण पाठक ने कहा कि आज भारत की बदौलत ही चीन की आर्थिक हालत बेहतर हुई है। अपने सामानों को भारत में बेचकर आर्थिक रूप से खुद को मजबूत किया है।
लेकिन अब जब विश्व के सभी देश पाकिस्तान का विरोध कर रहे हैं तो चीन ने उसका साथ देकर यह साबित कर दिया कि वह खुद भी एक आतंकवादी देश है। वहीं टीडी कालेज के छात्र नेता अजीत मिश्र ने कहा कि चाइना भ्रम की स्थिति में है वह ब्रह्मपुत्र के सहायक नदी का पानी रोककर भारत को कमजोर कर देगा। लेकिन अब भारत चीन में बनी हर वस्तु का बहिष्कार करेगा।
इस मौके पर अमित मिश्र, अंकित, विमल पाठक, राजेंद्र चौधरी, आकाश वर्मा आदि रहे। क्षेत्र के शंकरपुर चट्टी पर मंगलवार को अधिवक्ता शशिकांत तिवारी के नेतृत्व में चाइनीज सामानों की बिक्री पर विरोध जताया गया। इस दौरान चाइनीज सामानों का पुतला बनाकर शंकरपुर, बजहां, मझौली घुमाया गया।
इस दौरान ग्रामीणों ने चीन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि चीन निर्मित सामानों को हमारे देशवासी न खरीदे। क्योंकि चीन हमारे ही पैसे से मजबूत कर हमें ही आंख दिखा रहा है। शशिकांत तिवारी ने कहा कि चीन अपना माल भारत में बेचकर उसी पैसे का उपयोग भारत के विरुद्ध उसकी राष्ट्रीय क्षति करता है तथा इसी पैसे से आतंकी अजहर मसूद को सहयोग कर रहा है।
उसके द्वारा निर्मित वस्तुओं का हम बहिष्कार करते हैं। हम संकल्प लेते हैं कि स्वदेश द्वारा निर्मित वस्तुओं का ही उपयोग करेंगे। जिससे देश का धन देश में ही रहेगा। अगर कोई भी सामान भारत में बने तो बेरोजगारी भी दूर होगी। इस मौके पर पंकज पाठक, अनिल शर्मा, अरविंद ठाकुर, डा. बीके गिरी, अखिलेश तिवारी, बालदेव तिवारी, सिंटू तिवारी, असगर अली, सुरेश गुप्त, सुधीर पांडेय, अजय गुप्त आदि लोग रहे।