जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय से जुड़े विद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षाएं बुधवार से प्रारंभ हुईं। परीक्षा को नकलविहीन और सुचितापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सचल दल बीएससी कृषि की सेमेस्टर परीक्षा में एक नकलची को पकड़ा है।
कुलसचिव एसएल पाल ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा के लिए सचल दस्ते की दो टीमों का गठन किया है। दोनों टीमें विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लगातार चक्रमण कर रही हैं। डॉ. कौशल किशोर पांडेय के नेतृत्व वाली टीम ने श्री नरहेजी पीजी काॅलेज नरहीं में बीएससी कृषि के एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा। टीम में डॉ. प्रवीण नाथ यादव और डॉ. मनोज जायसवाल शामिल थे। डॉ. संदीप पांडेय के नेतृत्व में गठित दूसरी टीम में डॉ.ओपी यादव, डॉ. सौम्या तिवारी और डॉ. प्रेम भूषण शामिल हैं।