बलिया। सड़क पर यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस संग यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। पुलिस ने हूटर लगे चार वाहनों का चालान कर तीन के हूटर हटवाए। नंबर प्लेटों पर भड़काऊ व जाति सूचक शब्द लिखने पर 30 कार और 93 बाइक का चालान किया गया।
सभी थानाें की 65 टीमों ने 2032 वाहनों का ई-चालान कर 85 वाहनों को सीज किया। 22000 रुपये का जुर्माना लगाया। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश में एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर के नेतृत्व में पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर सुबह दस बजे से शाम तक चेकिंग की।
सड़क पर यातायात नियमों को तोड़कर चलने वाले डग्गामार वाहनों, अवैध बस अड्डों, ई-रिक्शा स्टैंडों, ओवरलोड वाहनों, काली फिल्म व अवैध हूटर लगे वाहनों, वाहनों के नंबर प्लेटों पर भड़काऊं व जातिगत सूचक शब्दों का प्रयोग एवं बिना वैध अभिलेखों के वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2032 वाहनों का चालान कर 85 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस व यातायात विभाग ने 16 डग्गामार बसों तथा 165 डग्गामार टेंपों तथा चार बसों तथा 31 टेंपो को सीज किया।
सात ओवरलोड बसों तथा 139 ओवरलोड अन्य वाहनों का चालान किया गया। काली फिल्म लगे 51 वाहनों का चालान कर 46 वाहनों की फिल्म उतारी गई। बिना वैध अभिलेखों के कुल 442 चार पहिया वाहनों का चालान कर 7000 रुपया जुर्माना लगाकर 24 वाहनों को सीज किया, 1015 दो पहिया वाहनों का चालान कर 21 वाहनों को सीज किया गया।