सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार बलिया जिले के रतसर में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार की आंखों में मोतियाबिंद हो गया है, जिससे उन्हें गरीब मजलूमों का दर्द नहीं दिखाई दे रहा है।
राजभर ने कहा कि वो कहते थे अच्छे दिन आएंगे, क्या यही अच्छे दिन हैं कि फ्री में बिजली का वादा कर मोटे-मोटे बिल भेज रहे हैं, जो गैस सिलिंडर चार सौ रुपये में मिलता था, वह आज गरीब जनता को एक हजार रुपये में खरीदना पड़ रहा है। वह, रतसर स्थित एक मैरेज हाल में सुभासपा नगर इकाई द्वारा आयोजित जागरूकता एवं अधिकार चेतना संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि 2022 के विधान सभा चुनाव में जनता इनको सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। इस दरम्यान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने योगी सरकार के खिलाफ नारे लगवाए। उन्होंने मंच से रतसर नगर पंचायत चेयरमैन पद के लिए पवन सिंह को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। इस मौके पर कमलेश राजभर, मुन्ना यादव, सुनील राजभर, राहुल गुप्ता, कुंजन राजभर आदि रहे। संचालन जिलाध्यक्ष सुग्रीव राजभर ने किया।