रसड़ा (बलिया)। थाना क्षेत्र के पकवाइनार स्थित डायट परिसर के जर्जर भवन में 16 जुलाई को फंदे से लटकी मिली छात्रा की आत्महत्या के मामले में तीन दिन बाद पुलिस ने प्रेमी सहित चार पर मुकदमा दर्ज किया है। छात्रा के भाई की तहरीर पर शनिवार को प्रेमी पवन शर्मा व बिट्टू शर्मा व दो अज्ञात पर आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया।
छात्रा के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बहन ने आत्महत्या नहीं की। हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश की गई है। तीन साल पहले बहन की पवन शर्मा निवासी पकवाइनार से दोस्ती थी। पवन ने 14 जुलाई को अन्य लड़की से सगाई कर ली। इसकी जानकारी बहन को होने पर वह परेशान हो गई। पवन शर्मा ने मुझे भी धमकी दी कि बहन को मना लो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। उक्त आरोपियों ने फोन कर मेरी बहन को बुलाकर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटका दिया। सुसाइड नोट वहां लिखकर रख दिया था।
रसड़ा के कोतवाल विपिन सिंह ने बताया कि छात्रा के भाई अभिषेक की तहरीर पर पवन सहित चारों पर आरोपियों आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।