रेवती। ब्लाक कार्यालय में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी तथा रोजगार सेवक ने छेड़ी के प्रधान प्रतिनिधि सहित अन्य लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।
तहरीर में ग्राम पंचायत अधिकारी हर्ष श्रीवास्तव एवं रोजगार सेवक ज्ञान सिंह ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को सुबह दस बजे छेड़ीडीह ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह के साथ संतोष सिंह, मनोज सिंह, अमित सिंह, अनुग्रह नरायण सिंह, चन्द्र प्रताप उर्फ लखी सिंह द्वारा षड्यंत्र व सोची समझी रणनीति में फंसाने की नियत से अनावश्यक रूप से हम लोगों के साथ गाली-गलौज किया गया तथा कमरा बंद करके मारपीट किया गया। इसके अलावा जान से मारने की धमकी दी गयी। इसके साथ ही उक्त लोगों द्वारा सरकारी कार्य के लिए रखे गये दस्तावेज फाड़कर तहस-नहस कर दिया गया। इसके अतिरिक्त इन लोगों ने जबरदस्ती कार्यालय में सचिव हर्ष श्रीवास्तव को दबाव देकर मन माफिक बोलने पर मजबूर किया गया तथा मोबाइल से वीडियो बनाया गया। जिसकी वजह से आज पूरे दिन शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई। सचिव तथा रोजगार सेवक ने उक्त तहरीर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं सीडीओ को भी भेजी है।
इस बाबत प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह ने बताया कि सचिव के मेरे ग्रामसभा से स्थानांतरण होने के बाद भी आवास के लाभार्थियों को धनराशि भेजी गई है। ग्राम प्रतिनिधि होने के नाते इस बाबत कार्यालय में पूछताछ के बीच सचिव उत्तेजित हो गए तथा जांच से बचने एवं मामले का रुख मोड़ने के लिए सचिव ने मेरे विरुद्ध तहरीर दिया है।