बलिया। राशन कार्ड में हुई धांधली के और जिलापूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा संशोधन के नाम की जा रही लापरवाही के विरोध में नगर क्षेत्र के दर्जनभर कार्डधारकों ने जिलापूर्ति कार्यालय में जमकर बवाल काटा। हालांकि मौके पर मौजूद जिलापूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने लोगों को राशन कार्ड में शीघ्र संशोधन करोने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
शहर के रामपुर उदयभान निवासी दयाराम, जय किशुन सिंह, पुष्पा, कलावती, मनोरमा, समेत काजीपुरा निवासी दिव्या सिंह, हरपुर मिड्ढ़ी निवासी मुन्नु देवी,अनिता देवी, बेदुआ निवासी शिवकुमारी,सतनीसराय निवासी छोटेलाल और आनंद नगर निवासी जितेन्द्र खरवार का आरोप है कि पूर्व में उनके राशन कार्ड पर राशन मिलता था। लाक डाउन के उपरांत जब वे कोटेदार के यहां खाद्यान्न लेने गये तो बताया गया कि नाम कट गया है, इस लिए राशन नहीं मिल पायेगा। उनके द्वारा जब इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों से की गई तो वे टालमटोल करते रहें। जिस कारण अब तक उन्हें राशन नहीं मिला है। आरोप लगाया कि विभागीय कर्मी आन लाइन कराने के नाम पर उनसे 150 रूपये की भी वसूले गये गये है। बावजूद इसके अब तक न तो राशन कार्ड में संशोधन हो पाया है और ना ही उन्हें राशन मिल रहा है। ऐसे में उनके सामने भुखमरी से हालात है। हो-हल्ला के बाद जिलापूर्ति अधिकारी ने पीडि़तों का आवेदन पत्र लिया और जांचोपरांत कारवाई का आश्वासन दिया।