बलिया। रेलवे स्टेशन से चंद कदम दूर इलाहाबाद बैंक के पास स्थित काफी दिनों से बंद चल रही एक मटन की दुकान के पास अधेड़ का फंदे से लटका हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान फुलवंत कुमार सिंह (48) निवासी रामदहीनपुरम थाना कोतवाली के रूप में की गई। बताया गया कि मृतक काफी दिनों से कैंसर से पीड़ित था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रामदहिनपुरम निवासी फुलवन्त बृहस्पतिवार की रात प्रतिदिन की भांति खाना खाने के बाद बाहर टहलने के लिए निकला, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटा। मध्य रात्रि के समय इलाहाबाद बैंक के पास स्थित एक दुकान में उसने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दुकान काफी दिनों से बंद चल रही थी। उसके सामने एक दूसरा दुकानदार प्रतिदिन दुकान लगाता है। वह अपनी दुकान बंद कर देर शाम घर चला गया था। शुक्रवार की सुबह दुकान के पास कुछ लोग पहुंचे तो एक अधेड़ का शव फंदे से लटकता देखा, इसके बाद शोर मचाया। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।