बलिया। फ्लाइट्स के लगातार कैंसिल होने व खराब मौसम के कारण एयरलाइन सेवा प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर अब रेलवे स्टेशनों पर दिखने लगा है। बलिया स्टेशन पर बीते दो दिनों से यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। दिल्ली, मुंबई व दक्षिण भारत को जाने वाली ट्रेनों में एसी कोच से लेकर स्लीपर तक फुल हैं। टिकट काउंटर पर एजेंट सक्रिय हो गए हैं।
चितबड़ागांव रहने वाले संजय कुमार ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए वाराणसी से फ्लाइट थी, लेकिन कैंसिल होने की वजह से उन्हें दो दिन बाद का ट्रेन का तत्काल टिकट लेना पड़ा। फ्लाइट कैंसिल होने के कारण यात्रियों ने ट्रेनों की ओर रुख कर लिया है। शिवरामपुर निवासी मनोज ठाकुर ने बताया कि घर पर शादी थी। फ्लाइट से आया था, वापसी के लिए फ्लाइट कैंसिल होने से ट्रेन का कंफर्म टिकट किसी तरह दोगुना दाम देकर लिया हूं।
इस तरह फ्लाइट्स कैंसिल होने के चलते स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, दरभंगा-नई दिल्ली, बलिया- आनंद विहार स्पेशल, राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में भीड़ देखी जा रही है। मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस में अगले सात दिन बाद भी वेटिंग 143 है। एसी थर्ड में 69, सेकेंड एसी में 23, पवन एक्सप्रेस में नो रूम, छपरा- मुंबई एक्सप्रेस के थर्ड एसी में 85, सेकेंड एसी में नो रूम है। एक महीने बाद ही कामायनी में स्लीपर में नौ, थर्ड एसी में 132, सेकेंड एसी में आरएसी छह की स्थिति है। जयनगर- मुंबई में स्लीपर में वेटिंग आठ, थर्ड एसी में नौ सीटें उपलब्ध हैं।
दिल्ली-मुंबई की ट्रेनों में वेटिंग सूची लंबी
रेलवे के अनुसार, कई ट्रेनों की वेटिंग लिस्ट 113 से अधिक तक पहुंच चुकी है। यात्रियों के अनुसार, पहले जो सीटें सामान्य दिनों में आसानी से उपलब्ध हो जाती थीं, आज वह मिनटों में फुल हो जा रही हैं। दिल्ली-मुंबई की ट्रेनों में वेटिंग सूची लंबी है। आईआरसीटीसी की बुकिंग साइट पर भी दिल्ली रूट की सभी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची देखने को मिल रही है। दूसरा कारण यह भी है कि अब स्पेशल ट्रेनों को रेल प्रशासन ने बंद कर दिया है। लगन त्योहार भी अब खत्म हो गए हैं। इस वजह से भी यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। एसी स्लीपर कोच की बसों में भी सीटें खाली नहीं मिल रही हैं। कई यात्री तो ट्रेन पर सवार होने के लिए घंटों पहले ही प्लेटफॉर्म पर पहुंच जा रहे हैं।
लगन का सीजन बीतने व फ्लाइट्स कैंसिल होने के कारण यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। कोहरे को देखते हुए कुछ ट्रेनें अंतराल पर चलाई जा रही हैं। स्पेशल ट्रेनें बंद हो चुकी हैं। महानगरों को जाने वाली ट्रेनों में एसी के अलावा जनरल में भी भीड़ चल रही है। सुनील सिंह, स्टेशन अधीक्षक बलिया।