बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में खेत में शनिवार की सुबह दिनेश राजभर 40 वर्ष का शव पड़ा मिला। नाक से खून निकल रहा था। सूचना पर पहुंचे थाना अध्यक्ष विश्वदीप सिंह ने घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम को भेजा।
घटना की खबर पर पहुंचे परिजनों का रोते-रोते हाल बेहाल रहा। परिजनों ने हत्या कर शव को खेत में फेंकने का आरोप लगाया।
देवरियकला मंसूरपुर गांव निवासी दिनेश राजभर मजदूरी का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। घर में पत्नी सुनीता देवी के अलावा एक 18 वर्ष की बेटी व दो बेटा है। पत्नी सुनीता ने बताया कि रात 10 बजे के बाद गांव के एक युवक ने फोन कर बुलाया। वह बिना खाना खाएं थोड़ी देर बाद आने को कह चले गए। काफी देर होने के लिए बाद खोजबीन करने पर पता नहीं चल पाया। सुबह मुबारकपुर गांव के पास खेत में जाल में फंसा औंधे मुंह शव पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने खेत में लाल कलर का टीशर्ट पहने औंधे मुंह पड़े व्यक्ति को देख पास के घर वाले ने नशे में समझकर पानी फेंक कर उठाने का प्रयास किया। हलचल न होने पर मौत की आशंका पर डायल 112 व थाना प्रभारी को घटना की सूचना दी।
खेत में शव पड़े होने की सूचना पर परिजन भी पहुंच टीशर्ट से शव की शिनाख्त कर रोने बिलखने लगे। दिनेश काफी मिलनसार युवक था। घटना की सूचना पर शोषित संघर्ष पार्टी संघर्ष पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल राजभर ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी और मामले की जांच कर आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग की। घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाया। इस बाबत थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जाएगा।