महाशिवरात्रि को लेकर जनपद के शिवालयों में भजन-कीर्तन और पूजन अर्चन का अनुष्ठान शुरू हो गया है। शुक्रवार को नगर के बालेश्वर मंदिर सहित जनपद के सभी शिवालयाें पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। कई इलाकों में मेला भी लगता है। मंदिरों पर शिव विवाह के दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
शिवरात्रि के पर्व पर नगर के बालेश्वर मंदिर, गोला रोड स्थित कैलाश धाम के शिव मंदिर, निधरिया स्थित पंच शिव मंदिर सहित जिले के शिवालयों पर अल सुबह से ही श्रद्धालु भक्तों की लंबी कतारे लग जाएंगी।
अड़भंगी भोले को खुश करने के लिए श्रद्धालु भक्त भांग, धतूरा, बेल, ईंख, बिल्व पत्र, दही, घी, दूध आदि चढ़ाकर प्रसन्न करते हैं। नगर के बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर, गोलारोड स्थित कैलाश धाम, नगरी स्थित नकट्टा महादेव, कोटवां नारायणपुर में बाबा मुक्तिनाथ, असेगा स्थित असेगा नाथ, कुकुरहा स्थित बाबा तिलेश्वर नाथ धाम, कारो स्थित कामेश्वर नाथ धाम, भरसर स्थित दु:ख हरण शिव मंदिर, बयासी स्थित हरिहर नाथ, छितौनी स्थित छितेश्वर नाथ, कलेक्ट्रेट स्थित ज्ञानेश्वर मंदिर सहित पूरे जनपद के शिवालयों पर अड़भंगी भोलेनाथ का पूजन-अर्चन करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु नर-नारी उमड़ेंगे और बाबा को जलाभिषेक करेंगे।