बलिया। परिवहन निगम को डिपो संचालन के लिए अभी तक शहर के अंदर भूमि नहीं मिल सकी है। इसके चलते यात्रियों को सड़क पर खड़ा होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। वहीं, इस अव्यवस्था का फायदा प्राइवेट वाहन चालक उठा रहे है। रोडवेज तिराहे पर टेंपो, जीप और ई-रिक्शा की भरमार लग जा रही है।
डिपो के नव निर्माण के चलते वर्कशाॅप से बसों के संचालन की योजना थी लेकिन शहर से बाहर होने के कारण यात्री वहां तक नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में निर्माण स्थल के पास मुख्य सड़क से बसें वर्कशाप में आकर लग जा रही हैं।
इधर निगम डिपो के इर्द-गिर्द खाली भूमि की मांग लगातार प्रशासन से कर रहा है लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी कोई जगह नहीं मिली। ऐसे में यात्रियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
महाकुंभ से लौटने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए तिराहे पर पुलिस तक की तैनाती नहीं की गई है। एआरएम अजय कुमार ने बताया कि डिपो संचालन के लिए शहर के डिपो के इर्द-गिर्द भूमि के लिए ईओ व प्रशासन को पत्र लिखा गया है। साथ ही डिपो के नजदीक भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई है।