बेल्थरारोड रोडवेज परिसर में निजीअवैध वाहनों को खड़ा करने के विरोध में धरना देते रोडवेजकर्मी।
- फोटो : बेल्थरारोड रोडवेज परिसर में निजीअवैध वाहनों को खड़ा करने के विरोध में धरना देते रोडवेजकर्मी।संवाद
बेल्थरारोड। रोडवेज परिसर में अनाधिकृत वाहनों, ठेला आदि खड़ा करने के विरोध में रोडवेज कर्मी सड़क पर उतर आए। परिसर में निजी वाहनों, ठेले आदि को हटाते समय नोकझोंक और गाली गलौज होने से गुस्साए रोडवेज कर्मी धरने पर बैठ गए। इस दौरान बसों का संचालन ठप हो गया और यात्री परेशान रहे। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे एसएचओ आरपी सिंह ने प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन देने व कर्मियों को समझाकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक बस संचालन ठप रहा। क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक आरके श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज परिसर में अनाधिकृत वाहन खड़ा होकर सवारियां भरते हैं। वहीं, ठेले वाले परिसर में कब्जा जमाए रहते हैं। इससे रोडवेज की आय प्रभावित होती है।
साथ ही यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बाबत पुलिस, प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों को पत्र द्वारा वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन निजी वाहन व ठेले वाले अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे थे। इसको लेकर रोडवेज कर्मियों की परिसर में ड्यूटी लगाई गई थी। अवैध वाहनों व ठेले वालों को हटाते समय रोडवेज कर्मियों से कहासुनी हो गई। इससे क्षुब्ध होकर रोडवेज कर्मी धरने पर बैठ गए। इस दौरान बसों में बैठे यात्री चलने की प्रतीक्षा करने लगे। मौके पर पहुंचे एसएचओ आरपी सिंह ने रोडवेज कर्मियों से वार्ता कर धरना समाप्त कराया। एसएचओ ने बताया कि परिसर में अवैध वाहनों को खड़ा नहीं होने देने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। करीब डेढ़ घंटे के धरने के बाद बस संचालन बहाल होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।